Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में अवैध पशु तस्करी का भंडाफोड़, भगत सिंह मोड़ से 30 मवेशी जब्त, 2 गाड़ियां फरार

आसनसोल । आसनसोल में रविवार को अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। शहर के भगत सिंह मोड़ के पास मवेशियों से लदी तीन पिकअप वैन को पकड़ा गया है। तीनों गाड़ियों से छोटे-बड़े मिलाकर करीब 30 मवेशी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ियों में ठूंस-ठूंस कर मवेशियों को ले जाया जा रहा था। जैसे ही पुलिस की कार्रवाई की भनक लगी, तीनों वाहनों के चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों पिकअप को जब्त कर लिया है।

दो गाड़ियां मौके से भागने में कामयाब

सूत्रों के मुताबिक, मौके पर मवेशी ले जा रही कुल 5 गाड़ियां थीं। कार्रवाई के दौरान 3 गाड़ियां पकड़ी गईं, जबकि 2 गाड़ियां तेजी से भागने में सफल रहीं। पुलिस अब उन फरार गाड़ियों की भी तलाश कर रही है।

कहां से लाए, कहां ले जा रहे थे?

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद मवेशियों को कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही वाहनों के कागजात और मवेशियों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल हो रही है।

फिलहाल बरामद सभी मवेशियों को सुरक्षित जगह पर रखा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *