दुर्गापुर में नेहरू की मूर्ति जंगल में फेंके जाने से हंगामा, कांग्रेस ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, BJP विधायक ने लगाया TMC पर आरोप
दुर्गापुर। दुर्गापुर में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि क्रेन से मूर्ति को उखाड़कर पास के जंगल में फेंक दिया गया। घटना सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है।
क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस का आरोप है कि रक्षाबंधन कार्यक्रम के लिए जगह खाली करने के नाम पर नेहरू जी की प्रतिमा को हटाया गया। पार्टी ने इसे प्रथम प्रधानमंत्री का अपमान बताते हुए पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और मूर्ति को दोबारा सम्मान के साथ स्थापित करने की मांग की।
भाजपा विधायक ने आरोपों को किया खारिज
वहीं इस पूरे मामले पर दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि इसके पीछे कांग्रेस के ही एक गुट और तृणमूल कांग्रेस की मिलीभगत है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर नेहरू की प्रतिमा किसने और किसके इशारे पर हटाई? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।














