बर्नपुर में IISCO स्टील प्लांट का मेगा विस्तार, SAIL ने 854 करोड़ के प्रोजेक्ट को दी हरी झंडी
बर्नपुर । बर्नपुर के लिए बड़ी खुशखबरी है। SAIL के IISCO स्टील प्लांट में चल रहे विस्तार प्रोजेक्ट को बड़ी रफ्तार मिली है। SAIL ने Pellet Plant Package-2 के लिए 854.57 करोड़ रुपये का ऑर्डर जारी किया है। यह ऑर्डर SEPC लिमिटेड को दिया गया है।
क्या होगा इस प्रोजेक्ट में?
इस पैकेज के तहत Pellet Plant का बैलेंस ऑफ प्लांट (BOP), सिविल और स्ट्रक्चरल वर्क किया जाएगा। कॉन्ट्रैक्ट की कुल कीमत 854,56,71,234 रुपये है। SAIL ने 4 अगस्त 2026 को इसका Letter of Acceptance (LoA) जारी किया था।
कंपनी को यह पूरा काम 32 महीने के अंदर खत्म करना होगा।
क्यों है ये प्रोजेक्ट इतना खास?
ये पूरा काम IISCO के 4.08 MTPA क्रूड स्टील विस्तार प्रोजेक्ट का हिस्सा है। मतलब बर्नपुर प्लांट की क्षमता को 4.08 मिलियन टन प्रति वर्ष तक बढ़ाया जा रहा है। Pellet Plant इस विस्तार की रीढ़ माना जाता है, जो स्टील बनाने के लिए जरूरी कच्चा माल तैयार करेगा।
आसनसोल-बर्नपुर को क्या फायदा?
इतने बड़े प्रोजेक्ट से आसनसोल-बर्नपुर इलाके में काम-धंधा बढ़ने की उम्मीद है। कंस्ट्रक्शन, इंजीनियरिंग, ट्रांसपोर्ट, सप्लाई और ठेकेदारी से जुड़े लोगों को बड़े पैमाने पर काम मिलेगा। हालांकि इस ऑर्डर से सीधे तौर पर कितनी स्थानीय नौकरियां निकलेंगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।














