बिहार के कागज पर झारखंड की बालू! बाराबनी में फर्जीवाड़े का पर्दाफाश, 3 गाड़ियों को वापस भेजा गया
बाराबनी। अवैध बालू परिवहन के खेल में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। बिहार के चालान पर झारखंड से बालू लोड करके बंगाल में एंट्री का मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बाराबनी से शुरू हुआ मामला, सलानपुर तक पहुंची जांच
सूत्रों के मुताबिक, बाराबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध बालू लदी गाड़ी को रोका। जांच में पता चला कि गाड़ी पर बिहार का चालान है, लेकिन बालू झारखंड के नाला से लोड होकर आ रही है। गड़बड़ी की आशंका पर तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। गाड़ी की नंबर प्लेट भी गलत होने की संभावना है, उसकी भी गहन जांच हो रही है। बालू लदा गाड़ी कोलकाता भेजा जा रहा था।
सूचना मिलते ही कार्रवाई तेज हो गई और सलानपुर थाना की पुलिस भी अलर्ट हो गई। सलानपुर में नाका लगाकर तीन बालू लदी गाड़ियों को रोककर जांच की गई।
दस्तावेज फेल, गाड़ियों को वापस भेजा
जांच के दौरान गाड़ियों के कागजात और बालू के सोर्स को लेकर कई सवाल खड़े हुए। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने तीनों गाड़ियों को वहीं वापस भेज दिया जहां से वे आई थीं।
हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। चालान असली है या नकली, बालू कहां से निकली और इसे किसके संरक्षण में लाया जा रहा था, इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच चल रही है।
कारोबारियों में हड़कंप
अचानक शुरू हुई इस सख्त चेकिंग से बालू
माफियाओं और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में आसनसोल-दुर्गापुर के सभी एंट्री पॉइंट्स पर बालू गाड़ियों की सघन जांच की जाएगी।














