आसनसोल रेल मंडल ने निभाया अपनों का साथ – 29 सेवानिवृत्त कर्मियों को एक साथ मिला PPO और निपटान राशि
आसनसोल । पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने एक बार फिर कर्मचारी कल्याण की मिसाल पेश की है। मंडल ने रविवार को मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय के नवीन सम्मेलन कक्ष में अगस्त माह के लिए “ऑन-डेट भुगतान समारोह” का आयोजन किया।
29 परिवारों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
इस समारोह में कुल 29 लाभार्थियों को सम्मान के साथ उनके हक की राशि सौंपी गई। इनमें सेवानिवृत्त रेल अधिकारी/कर्मचारी और दिवंगत रेल कर्मचारियों की विधवाएं शामिल थीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मंडल रेल प्रबंधक देबब्रत चटर्जी ने सभी लाभार्थियों को –
– सेवानिवृत्ति निपटान देय राशि
– पेंशन भुगतान आदेश (PPO)
– भुगतान का पूरा विवरण
एक साथ सौंपा, ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पारदर्शी और तेज व्यवस्था पर जोर
यह कार्यक्रम आसनसोल मंडल की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें मंडल सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को उनके दस्तावेज और भुगतान समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ देने के लिए काम कर रहा है।
इस मौके पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी बिजय कुमार चटर्जी, मंडल रेल अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशा शर्मा सहित मंडल के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
मंडल अधिकारियों ने कहा कि यह पहल कर्मचारी कल्याण की दिशा में निरंतर जारी रहेगी, ताकि सेवानिवृत्त होने वाले हर कर्मचारी को सम्मान और सुविधा मिल सके।














